गाजीपुर। विकास भवन कार्यालय में सोमवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने की। मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही गतिविधियों की गहन समीक्षा की। जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने विभागीय उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में सहयोगी संस्थाएं डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और पाथ द्वारा प्रस्तुत मॉनीटरिंग फीडबैक पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों, साथ ही नगर पंचायतों में फॉगिंग एवं लार्वीसाइड छिड़काव प्रभावी ढंग से कराए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन विकास खंडों में उपलब्धियाँ कम हैं, वहां सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें। डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ व पाथ को सपोर्टिव मॉनीटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में डा. जे. एन. सिंह (एसीएमओ), यूनिसेफ के बलवंत सिंह, पाथ संस्था से अरुण कुमार, साथ ही पंचायती राज, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, पशुपालन विभाग आदि के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।