जमानिया, गाज़ीपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्राप्त प्रार्थना पत्र के अनुपालन में उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया के नेतृत्व में सोमवार को राजस्व टीम का गठन कर ग्राम जबूरना में पूर्व में जारी किए गए 54 पट्टों का स्थलीय सत्यापन और चिन्हांकन किया गया। इस प्रक्रिया के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को विधिवत रूप से भूमि पर कब्जा दिलाया गया।
राजस्व टीम की निगरानी में चिन्हित भूमि का सीमांकन करते हुए संबंधित लाभार्थियों के नाम दर्ज किए गए। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने पट्टा धारकों को भूमि का समुचित और उद्देश्यपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों को आवंटित भूमि पर स्थायी रूप से कब्जा सुनिश्चित कराया जाएगा। इस पहल से ग्रामवासियों में संतोष और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने जानकारी दी कि पट्टे की जमीन दिलाने की पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई। राजस्व टीम में संबंधित लेखपाल, कानूनगो सहित अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे। गौरतलब है कि जनता की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है।