जमानियां। सावन मास के आरंभ के साथ ही कांवड़ यात्रा का धार्मिक उल्लास चरम पर पहुंच गया है। क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार शाम से लेकर सोमवार सुबह तक नगर के पक्का बलुआ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, जहां से कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर “बोल बम” के जयघोष के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों के लिए रवाना होते रहे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार राम नारायण वर्मा, क्षेत्राधिकारी राम कृष्ण तिवारी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ घाटों और प्रमुख शिवालयों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महेवा गांव स्थित महेश्वरनाथ शिवालय और पक्का बलुआ घाट की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायज़ा लिया। प्रशासन ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस बल कांवड़ियों के साथ चल रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं के बैग और सामान की भी तलाशी ली जा रही है ताकि कोई अवांछनीय वस्तु घाट या यात्रा मार्ग पर न पहुंच सके। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे, तो तत्काल नजदीकी पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उपजिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा दोनों सर्वोपरि हैं, और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। कांवड़ियों के लिए प्रचुर मात्रा में जल, प्राथमिक चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त प्रबंधों की तैयारी कर ली है।