जमानियां, गाजीपुर। गंगा और कर्मनाशा नदी के बढ़ते जल स्तर ने जमानियां तहसील के बाण क्षेत्र के गांवों में बाढ़ की आशंका को गंभीर बना दिया है। स्थिति को देखते हुए बुधवार को विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने देवरिया बाण, मतसा बाण सहित बाढ़ संभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया।
दौरे के दौरान मन्नू सिंह ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में प्रशासन को समय रहते बाढ़ राहत की मुकम्मल तैयारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पशुओं के चारे की समुचित व्यवस्था, स्टीमर और नावों की पर्याप्त उपलब्धता जैसी जरूरी राहत सुविधाओं की मांग की, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में आमजन को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके। मन्नू सिंह ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्रीय विधायक हर वक्त उनके साथ हैं और सरकार से हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं। इस मौके पर तौकीर खां, अनिल यादव, कृष्णानंद यादव, इकबाल खां, श्रीकांत यादव, अजय यादव और शोभनाथ राजभर सहित कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।