जमानिया ,गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के दरौली रेलवे स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव अप और डाउन लाइन के बीच स्थित पाया गया, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस के अनुसार, शव दरौली रेलवे स्टेशन के पास पीलर संख्या 705/22 और 706/22 के बीच पाया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया गया है। युवक की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के थानों को भी सूचना भेज चुकी है और स्थानीय निवासियों से संपर्क कर पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। रेलवे ट्रैक पर इस प्रकार शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर ध्यान देते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।