जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के धनौता गांव में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में खेत की सिंचाई करने गए युवक की करंट की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनौता गांव निवासी सविन्द्र कुमार मौर्य रविवार की शाम लगभग 6 बजे अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी के लिए सफाई करने गए थे। खेत में पहले से ही पानी भरा हुआ था, और इसी दौरान वहां गिरे एक टूटे हुए विद्युत तार की चपेट में आ गए। तेज़ करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। मृतक के ससुर मोती चन्द कुशवाहा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सविन्द्र खेत की सफाई करने गए थे, जहां यह दुखद हादसा हुआ। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तारों की समय रहते मरम्मत नहीं की जाती, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।