गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में जनपद गाजीपुर के किसानों को खरीफ सीजन में उर्वरक की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जुलाई माह में कुल 4030 मैट्रिक टन (90 हजार बोरी) यूरिया तथा 2900 मैट्रिक टन (58 हजार बोरी) डीएपी का आवंटन किया गया है। अब तक 2928 मैट्रिक टन यूरिया और 2372 मैट्रिक टन डीएपी का प्रेषण 179 सहकारी उर्वरक बिक्री केन्द्रों पर किया जा चुका है। प्रारंभिक स्टॉक से अब तक 28241 किसानों को 2555 मैट्रिक टन यूरिया एवं 22131 किसानों को 2031 मैट्रिक टन डीएपी वितरित किया गया है। वर्तमान में सहकारी उर्वरक केन्द्रों पर 1327 मैट्रिक टन यूरिया एवं 836 मैट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। वहीं 30 जुलाई को आवंटित 1102 मैट्रिक टन यूरिया एवं 516 मैट्रिक टन डीएपी का प्रेषण किसानों की मांग के अनुसार प्राथमिकता पर किया जा रहा है।
सतत निगरानी और पारदर्शी वितरण
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारी नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उर्वरकों का वितरण पॉस मशीन के माध्यम से हो और किसी समिति पर उर्वरक समाप्त होने से पहले नया आवंटन भेजा जाए।
निजी दुकानों पर भी उपलब्ध है उर्वरक
सहकारी बिक्री केन्द्रों के अतिरिक्त निजी दुकानों पर भी लगभग 15500 मैट्रिक टन यूरिया एवं 2000 मैट्रिक टन डीएपी किसानों के लिए उपलब्ध है। सभी कंपनियों द्वारा प्रदत्त उर्वरकों की गुणवत्ता और मूल्य एक समान हैं — यूरिया ₹266.50 प्रति बैग और डीएपी ₹1350.00 प्रति बैग तय किया गया है।
किसानों से अपील
किसानों से अपील की गई है कि वे उर्वरक खरीदते समय आधार कार्ड एवं खतौनी लेकर जाएं और खरीद की रसीद अवश्य प्राप्त करें।
समस्या की स्थिति में संपर्क करें
उर्वरक संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में किसान उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त/निबंधक सहकारिता, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता/कृषि) सहित संबंधित उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
समितियों की स्थिति
जनपद में कुल 195 बी-पैक्स/सहकारी समितियां कार्यरत हैं, जिनमें से केवल 71 प्रभारी सचिव तैनात हैं। 179 सहकारी उर्वरक बिक्री केन्द्रों पर इन सचिवों को रोस्टर के अनुसार उपस्थिति दर्ज कराते हुए उर्वरक वितरण का निर्देश दिया गया है।