जमानिया। नगर पालिका परिषद जमानिया के वार्ड नंबर 08 कानूनगो मोहल्ला में गुरुवार को 38.96 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 25 एचपी क्षमता की पानी टंकी के निर्माण कार्य का भूमि पूजन नगर पालिका चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता द्वारा किया गया।इस अवसर पर चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि यह पानी टंकी क्षेत्र के निवासियों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे लोगों को अब राहत मिलेगी। टंकी का निर्माण नगर पालिका की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है। चेयरमैन ने यह भी कहा कि यह केवल शुरुआत है, आने वाले दिनों में नगर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की बात करते हुए स्थानीय लोगों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।
वार्ड सभासद प्रतिनिधि एनाम ने बताया कि पानी टंकी के निर्माण से वार्ड के लोगों को नियमित और स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। वहीं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने इसे सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना करार देते हुए कहा कि भाजपा सरकार न केवल शहरी क्षेत्रों में, बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पानी टंकी निर्माण कार्य की शुरुआत पर स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर वार्ड नंबर 25 के सभासद प्रतिनिधि अब्दुला, भाजपा मीडिया प्रभारी संजीत यादव, आशीष वर्मा, संजय, रुस्तम समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।