जमानिया। शिक्षा विभाग द्वारा अमान्य विद्यालयों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजीव कुमार यादव ने क्षेत्र के कई विद्यालयों पर छापेमारी की। इस दौरान खड़ईचा और कर्महारी गांव में दो ऐसे विद्यालय मिले, जो बिना किसी मान्यता के शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कर रहे थे।
बीईओ ने बताया कि इन विद्यालयों को पहले भी नोटिस जारी किया गया था, बावजूद इसके उनका संचालन बदस्तूर जारी था। उन्होंने कहा कि संबंधित विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही जुर्माना लगाने और अन्य विधिक कार्रवाई हेतु रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान आधा दर्जन से अधिक अन्य अमान्य विद्यालयों में भी नियमों की अनदेखी सामने आई है। बीईओ ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से बिना मान्यता संचालित किसी भी विद्यालय को अब बख्शा नहीं जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार यादव ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, ताकि बच्चों की शिक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके।निरीक्षण के दौरान नोडल शिक्षक अखंड प्रताप सिंह, मजहर खान, गोरख आदि अधिकारी भी मौजूद रहे।
