जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा बाजार निवासी वरिष्ठ पत्रकार एवं स्टेशन बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी मनोज श्रीवास्तव (49) का रविवार की रात वाराणसी स्थित सर सुन्दर लाल चिकित्सालय में इलाज के दौरान असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार की सुबह बड़ेसर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके बड़े पुत्र सूरज श्रीवास्तव ने मुखाग्नि दी।
मनोज श्रीवास्तव अपने हंसमुख, सरल स्वभाव और कर्मशीलता के लिए नगर व क्षेत्र में अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके निधन को नगर सहित समूचे क्षेत्र ने एक अपूरणीय क्षति बताया है। वह अपने पीछे चार पुत्र, एक पुत्री तथा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।निधन की सूचना मिलते ही शुभचिंतकों, व्यापारियों व ग्रामीणों का तांता उनके आवास पर लग गया। उनकी अंतिम यात्रा में व्यापार मंडल अध्यक्ष सतीश जायसवाल, पूर्व चेयरमैन अनिल गुप्ता, प्रभाकर सिंह, डॉ. दिवांशु यादव, प्रवीण श्रीवास्तव, मनोज रौनियार, लकी जायसवाल, रामजी शर्मा सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए। नगरवासियों ने स्व. मनोज श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।