गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के आधार पर जिला निर्वाचन कार्यालय, गाजीपुर ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए एक हालिया बयान पर स्पष्टीकरण जारी किया है।राहुल गांधी ने 07 अगस्त 2025 को “The foundation of the Constitution is the vote, Vote has been destroyed” विषयक एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि दो मतदाताओं — आदित्य श्रीवास्तव पुत्र एस.पी. श्रीवास्तव (इपिक नंबर FPP6437040) एवं विशाल सिंह पुत्र महीपाल सिंह (इपिक नंबर INB2722288) — के नाम उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों की विधानसभा मतदाता सूचियों में एक साथ दर्ज हैं।
राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत आंकड़े 16 मार्च 2025 को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से प्राप्त बताये गये थे। उनके अनुसार, आदित्य श्रीवास्तव का नाम चार स्थानों पर दर्ज था — मुंबई (158 जोगेश्वरी पूर्व, बूथ 197, क.सं. 877), बैंगलोर अर्बन (174 महादेवपुरा, बूथ 458, क.सं. 1265; बूथ 459, क.सं. 678) और लखनऊ पूर्व (173, बूथ 84, क.सं. 630)। इसी प्रकार, विशाल सिंह का नाम तीन स्थानों पर दर्ज बताया गया — बैंगलोर (174 महादेवपुरा, बूथ 513, क.सं. 926; बूथ 321, क.सं. 894) और वाराणसी कैंट (390, बूथ 82, क.सं. 516)।
हालांकि, 07 अगस्त 2025 को voters.eci.gov.in पर पुनः खोज करने पर जिला निर्वाचन कार्यालय ने पाया कि आदित्य श्रीवास्तव का नाम केवल बैंगलोर अर्बन की विधानसभा 174 महादेवपुरा के बूथ 458, क.सं. 1265 में दर्ज है, और विशाल सिंह का नाम केवल उसी विधानसभा के बूथ 513, क.सं. 926 पर दर्ज है। उत्तर प्रदेश की विधानसभा 173 लखनऊ पूर्व और 390 वाराणसी कैंट की मतदाता सूचियों में इन दोनों का नाम नहीं पाया गया। अतः जिला निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश के संदर्भ में राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत तथ्य सही नहीं पाए गए।