जमानियां। सेंट्रल पब्लिक स्कूल जमानियां में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रबंध निर्देशिका श्रीमती रिशु जलान द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाटकों के माध्यम से आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन का दायित्व सुनील सर के मार्गदर्शन में छात्रों ने निभाया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनय सिंह ने अपने संबोधन में देश की वर्तमान परिस्थितियों पर विचार साझा किए तथा विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख किया।समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार के सभी अध्यापकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में श्री आर.पी. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरण कर समारोह का समापन किया गया।