जमानियां। क्षेत्र के ब्लॉसम एकेडमिक स्कूल में आज 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक श्री कृष्णानंद राय ने ध्वजारोहण के साथ की।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक एवं नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री कृष्णानंद राय ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम स्वतंत्र भारत में रहते हैं, जहाँ स्वतंत्र रूप से शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं और अपने कार्य कर सकते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही कार्यक्रम की सफलता हेतु समस्त अध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योति राय ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस हमें अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठ बनने और बच्चों में संस्कार व अनुशासन की भावना विकसित करने की प्रेरणा देता है।” उप-प्रधानाचार्य श्री ईश्वर नेपाल ने अपने विचार रखते हुए कहा, “आज का दिन उन वीर शहीदों को स्मरण करने का दिन है, जिनके बलिदान से हमें यह स्वतंत्रता मिली है। हमें मिलकर उनके सपनों का भारत बनाना है।” अंत में विद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं को संदेश दिया कि वे शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी अपने जीवन में अपनाएँ और एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान दें।