रेवतीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के रजागंज चौकी अंतर्गत नई रेल पुलिया के नीचे मंगलवार देर शाम झाड़ियों में एक नवजात बच्चा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और नवजात को तत्काल पुराने अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसे आईसीयू में रखा है। फिलहाल बच्चा पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है और उसकी चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह नवजात लगभग एक दिन का है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे को झाड़ियों में किसने और क्यों छोड़ा। इस घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएँ शुरू हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि सम्भवतः प्रेमी जोड़े समाज के भय और लोकलाज के चलते नवजात को जन्म के बाद छोड़ गए हों। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसा कदम उठाने से पहले सौ बार सोच सके।चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।