रेवतीपुर/सुहवल। ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे पर मंगलवार की शाम हुए सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से रेवतीपुर सीएचसी भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुँच गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है।
घायल व्यक्तियों की पहचान
राधिका (35 वर्ष) पत्नी पंचम यादव, निवासी करंडा
पंचम यादव (37 वर्ष) निवासी करंडा
पंकज कुमार (34 वर्ष) निवासी धामुपुर, थाना दुल्लहपुर
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
राहगीरों के मुताबिक करंडा निवासी पंचम यादव अपनी पत्नी को बाइक से लेकर रेवतीपुर से गाँव की ओर जा रहा था। इसी दौरान आगे निकलने की कोशिश में पीछे से एक अन्य बाइक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पंचम की पत्नी बाइक से उछलकर लगभग दस मीटर दूर हाईवे के दूसरी ओर सीसी मार्ग पर जा गिरी। दोनों बाइकों के अनियंत्रित होकर गिरने से तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों का कहना था कि हादसे के समय यदि आगे या पीछे से कोई बड़ा वाहन आ रहा होता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
पुलिस का बयान
उपनिरीक्षक भोलानाथ सरोज ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी गंभीर अवस्था में इलाज जारी है।