गाजीपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा जनपद गाजीपुर की 63 महिलाओं का चयन मुख्य सेविका पद पर किया गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी/जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि निदेशक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों से 27 अगस्त को सजीव प्रसारण के दौरान इन नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। बाद में जिले में जनप्रतिनिधियों द्वारा भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। तैनाती के लिए चयनित मुख्य सेविकाओं को अपने जनपदों की वरीयता ऑनलाइन पोर्टल पर भरनी होगी। इसके लिए विभाग ने विशेष पोर्टल (https://icdspreference.upsdc.gov.in/) विकसित किया है, जो 1 सितम्बर से 7 सितम्बर 2025 तक रात 12 बजे तक सक्रिय रहेगा।
अभ्यर्थी अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर निर्धारित प्रारूप में सभी उपलब्ध जनपदों की वरीयताएं भर सकेंगी। प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें पुष्टिकरण संदेश भी प्राप्त होगा।विभाग के अनुसार जनपदों का आवंटन परीक्षा में प्राप्त अंकों और मेरिट क्रम के आधार पर किया जाएगा। पोर्टल पर विकल्पों को लॉक करने से पहले संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध होगी, लेकिन एक बार लॉक होने के बाद बदलाव संभव नहीं होगा। लॉक करने के बाद उम्मीदवार जनपद वरीयता फॉर्म की प्रति प्रिंट भी कर सकेंगी।