गाजीपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द जी की जयंती (29 अगस्त) के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस-2025 के अवसर पर गाजीपुर में वृहद खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जूनियर वर्ग बालकों की खो-खो एवं बालक/बालिकाओं की बैडमिंटन प्रतियोगिता नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार गाजीपुर में आयोजित हुई।
पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल रहीं। उनके करकमलों से विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त क्रीड़ाधिकारी सर्वदेव सिंह यादव, जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, बीएसडी पब्लिक स्कूल रेवतीपुर के प्रबंधक विपिन बिहारी राय, भूतपूर्व हॉकी कोच नफीस अहमद, भाजपा कार्यालय प्रभारी राजन प्रजापति, अवधेश कुमार कुशवाहा, राजेश्वर चौहान, अश्वनी राय, पारसनाथ सिंह, मोहम्मद मोईन (अतिरिक्त सचिव, जिला फुटबॉल संघ), योगेन्द्र कुमार, प्रेमचन्द यादव, विनोद कुमार जायसवाल, योगेन्द्र सिंह, प्रदीप राय, विजय यादव, अंजनी वर्मा, शिवानी राय, अंशु राय, दिनेश राय, अजय राय सहित अन्य गणमान्य लोग तथा स्टाफ मौजूद रहे।
खो-खो प्रतियोगिता
खो-खो प्रतियोगिता प्रशिक्षक श्री राधेश्याम सिंह यादव के निर्देशन में आयोजित हुई। इसमें जिले की कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया।
पहले सेमीफाइनल में नेहरू स्टेडियम गाजीपुर (ए) ने नन्द किशोर सिंह इंटर कॉलेज गाजीपुर को 16 अंकों से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरे सेमीफाइनल में शाहफैज पब्लिक स्कूल ने बीएसडी पब्लिक स्कूल रेवतीपुर को 16 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला शाहफैज पब्लिक स्कूल और नेहरू स्टेडियम गाजीपुर के बीच खेला गया, जिसमें नेहरू स्टेडियम गाजीपुर ने 21-16 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता
बैडमिंटन प्रतियोगिता प्रशिक्षक श्री चन्दन यादव की देखरेख में संपन्न हुई, जिसमें जनपद के कुल 55 बालक एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुए इन आयोजनों ने जिले के युवा खिलाड़ियों में उत्साह और जोश भर दिया।