गाजीपुर| मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जनपदीय कार्यशाला/सेमिनार का आयोजन यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान गाजीपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें युवा वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि वे गांव-गांव जाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा सकते हैं।आयुष्मान भारत के डीसी रजनीश कुमार वर्मा ने बताया कि भारत सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनाने की मंजूरी दे दी है। साथ ही जिन परिवारों के पास सफेद राशन कार्ड/अंत्योदय कार्ड है और परिवार के सदस्य छह या उससे अधिक हैं, उनका भी आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए कहा कि यदि किसी को आयुष्मान कार्ड बनाने में कठिनाई हो तो वे सीधे संपर्क कर सकते हैं।
संस्थान के निदेशक संजय सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण युवाओं की सोच और दिशा पर निर्भर करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। संकाय प्रमुख मुकेश श्रीवास्तव ने पीएम मुद्रा योजना, स्किल इंडिया मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में युवाओं द्वारा प्रश्न पूछे गए, जिनका विशेषज्ञों ने उत्तर दिया। साथ ही प्रतिभागियों ने आपसी संवाद के माध्यम से योजनाओं पर चर्चा की। युवाओं को माय भारत पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई और अधिक से अधिक पंजीकरण करने की अपील की गई। कार्यक्रम का स्वागत मेरा युवा भारत गाजीपुर के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद ने किया। संचालन राज्य प्रशिक्षक अंगद सिंह यादव ने किया तथा आभार व्यक्त राज्य प्रशिक्षक पारसनाथ सिंह यादव ने किया।