जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के खिजिरपुर अलीनगर गाँव में शनिवार को ठगी की वारदात सामने आई। दो अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को रिश्तेदार बताकर एक महिला को झांसा दिया और उसके कान का टप्स (गहना) चोरी कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता लक्ष्मी देवी पत्नी कमला ने तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे। उन्होंने खुद को दूर का रिश्तेदार बताते हुए कहा कि उन्हें सरकार से सिलाई मशीन और गैस सिलेंडर मिला है, जिसके लिए फोटो खिंचवाना है। जब महिला ने फोटो दिखाने की बात कही तो दोनों व्यक्तियों ने बहाना बनाते हुए कहा कि उनके कान में पहना टप्स (झुमका) फोटो में सही नहीं आ रहा है, इसे निकालकर रख दें।लक्ष्मी देवी ने विश्वास कर टप्स उतारकर पास में रख दिया। इसी बीच दोनों ने पानी मांगा। जैसे ही महिला पानी लाने अंदर गई और वापस लौटी तो देखा कि दोनों व्यक्ति वहाँ से गायब थे और उनका टप्स भी चोरी हो चुका था। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।