गाजीपुर। महिला कल्याण विभाग के अधीन संचालित जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन, गाजीपुर की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुभाकरपुर में महिला जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन निदेशक, महिला कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश (दिनांक 29 अगस्त 2025) के क्रम में प्रभारी चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर श्रीमती नेहा राय ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं — बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु सहयोग का आश्वासन भी दिया।जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती लक्ष्मी मौर्य ने बाल विवाह निषेध व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। साथ ही 181, 1098, 112, 1090 जैसे टोल-फ्री नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्साधिकारी, ब्लॉक मिशन मैनेजर, बीसीपीएम रिंकी, एएनएम तथा आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।