जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लोदीपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की उसके पति, सास और ससुर ने मिलकर पिटाई कर दी। इस मामले में पीड़िता सीरत जहां पत्नी रियाजुद्दीन उर्फ सोनू की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मोबाइल फोन पर बातचीत को लेकर पति, सास और ससुर ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसा व डंडे से मारपीट की। इतना ही नहीं, बाल पकड़कर उसे पटकने के साथ विरोध करने पर जान से मारने और पूरे परिवार को गंगा नदी में फेंकने की धमकी भी दी गई। हंगामा बढ़ने पर पीड़िता के भाई मोहम्मद इशरार आलम और सैफ ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।