जमानिया। नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने और घर से भगाने का प्रयास किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित पिता ने रविवार को कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि चांदपुर नई बस्ती निवासी आजाद शाह लगातार उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने युवती के शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और अन्य कागजात अपने पास रख लिए हैं तथा मानसिक और शारीरिक दबाव डालकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रहा है। पीड़ित का कहना है कि 6 सितंबर की शाम करीब 6 बजे आरोपी जबरन उनके घर में घुस आया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा कि यदि पुत्री का विवाह कहीं और किया गया तो वह पूरे परिवार की हत्या कर देगा। पीड़ित पिता ने पुलिस से आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुत्री को जबरन धर्म परिवर्तन से बचाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आजाद शाह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।