जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव में आम रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर विवाद सामने आया है। इस प्रकरण में पुलिस ने चार नामजद सहित परिवार के अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सियाराम निषाद ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग रास्ते पर गोबर और कूड़ा डालकर अतिक्रमण कर देते हैं, जिससे पूरे गांववासियों को आने-जाने में परेशानी होती है। तहरीर में कहा गया है कि 20 सितंबर की सुबह जब उन्होंने विपक्षियों को गोबर डालने से मना किया, तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।सियाराम ने यह भी बताया कि पहले भी उनके परिवार के साथ मारपीट की घटना हो चुकी है, जिस मामले में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि गोबर और कूड़ा जमा होने से क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। साथ ही घर का पानी निकालने का रास्ता भी बंद कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने पुष्टि की कि चार नामजद आरोपियों सहित परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।