गाजीपुर| एम0ए0एच0 इण्टर कालेज, बरबरहना में छात्र एवं छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने हेतु विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर विजय कुमार-चतुर्थ ने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का सरलता से उत्तर भी दिया।
शिविर में बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता साधन कुमार चक्रवर्ती और श्रीमती खुर्शीदा बानों ने गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) और समाज में मौजूद बालिकाओं के प्रति भेदभावों के रोकथाम पर जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे बालिकाओं को शिक्षा, स्वतंत्रता, पोषण और अन्य अधिकार सुनिश्चित किए जा सकते हैं। वहीं, उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लड़कियां हर क्षेत्र में अपनी योग्यता और प्रतिभा से देश का नाम रोशन कर रही हैं, और हर लड़की को समान अवसर मिलना चाहिए। इस अवसर पर संरक्षक श्री मु0 खालिद अमीर, प्रधानाचार्य, एम0ए0एच0 इण्टर कालेज, बरबरहना, कर्मचारी और पी0एल0वी0 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर भी उपस्थित रहे।