जमानियां। नगर के हरपुर स्थित डिवाइन ग्लोबल स्कूल में शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने चौपाल लगाकर छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी दी।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार ने महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराधों से सुरक्षा, महिला सम्मान, नारी स्वावलंबन और शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस 24 घंटे नागरिकों की सहायता के लिए तत्पर है। साथ ही उन्होंने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, शांति और सौहार्द बनाए रखने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा व सम्मान, महिला सहायता केंद्र और महिला हेल्पडेस्क की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध) और 181 (महिला हेल्पलाइन) के बारे में बताया गया। इसके बाद विद्यालय के बच्चों में पंपलेट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक प्रकाश यादव, एकेडमिक हेड रितु यादव, प्रिंसिपल प्रियंका सरस्वती सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।