गाजीपुर।उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के तहत शुक्रवार को जनपद गाजीपुर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दुर्गा माता मंदिरों में आने वाली महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई और पम्पलेट वितरित किए गए। इसी क्रम में विभिन्न पंडालों में उपस्थित महिलाओं से संवाद कर उन्हें मिशन शक्ति की जानकारी दी गई। मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त कर लोगों को जागरूक किया गया। मिशन शक्ति केन्द्रों पर महिला जनप्रतिनिधियों से संवाद/मीटिंग कर उन्हें अभियान से जुड़ने और समाज की अन्य महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण और चेकिंग कर मनचलों के विरुद्ध कार्रवाई की। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, अवैध प्रतीक चिन्ह और स्टंट करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही स्थानीय रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ बल की मदद से यात्रियों में मिशन शक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया।