जमानियां। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित शिक्षकों का प्रशिक्षण शुक्रवार को संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 19 अगस्त से शुरू हुआ था, जिसमें 50-50 शिक्षकों के बैच बनाकर शिक्षण कार्यशालाएँ कराई गईं।
अंतिम दिवस पर एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि अब तक कुल 534 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशिक्षित शिक्षक अब अपने-अपने विद्यालयों को निपुण विद्यालय बनाने के साथ ही बच्चों को आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान में दक्ष बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में एनसीईआरटी आधारित पुस्तकों की जानकारी दी गई, जिन्हें उत्तर प्रदेश के संदर्भ में कस्टमाइज करके परिषदीय विद्यालयों में लागू किया गया है। साथ ही शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों और बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित करने के तरीके भी सिखाए गए। इस अवसर पर संदर्भदाता के रूप में अरविंद कुमार सिंह, अखिलेश गिरी, सुरेश सौरभ, अम्बरीष सिंह और प्रतिभा सिंह ने योगदान दिया। वहीं प्रशिक्षण लेने वालों में उत्तम चंद्र मिश्र, विनोद यादव, पारस, रेशमा जायसवाल सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।