गाजीपुर। दशहरा और दीपावली त्यौहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शुक्रवार को मूर्ति विसर्जन हेतु चिन्हित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने रजागंज स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूर्व वर्षों में जिन स्थानों और जिस ढंग से मूर्ति विसर्जन किया गया था, उसी प्रकार इस बार भी किया जाएगा, किसी प्रकार का स्थान परिवर्तन नहीं होगा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मूर्ति विसर्जन का कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में मूर्तियों का विसर्जन नालों, नहरों या गंगा नदी में नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नगर पालिका गाजीपुर सरिता अग्रवाल, उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गाजीपुर समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।