जमानिया (गाजीपुर)| कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित बाईपास रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार की शाम लगभग 4:30 बजे एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बडेसर गांव से दाह संस्कार में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल सवार अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्थानीय रेलवे क्रॉसिंग के पास उनकी बाइक फिसल गई और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को उठाया, इसके बाद उनके साथ आए अन्य लोग उन्हें चार पहिया वाहन में बैठाकर इलाज के लिए अज्ञात अस्पताल ले गए। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक किसी घायल होने की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।