गाजीपुर। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील मुहम्मदाबाद में एसडीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में 39 शिकायतें/प्रार्थनाएँ प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिले की सातों तहसीलों से प्राप्त सूचना के अनुसार कुल 424 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 38 का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
तहसील सदर : 45 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण
तहसील सेवराई : 23 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण
तहसील जखनियां : 17 शिकायतें प्राप्त, 2 का मौके पर निस्तारण
तहसील कासिमाबाद : 31 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण
तहसील सैदपुर : 21 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण
तहसील जमानियां : 42 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कुछ मामलों का निस्तारण मौके पर ही कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।डीएम ने पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जमीनी व आपसी विवादों के निस्तारण में आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को हिदायत दी गई कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, परियोजना निदेशक, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।