गाजीपुर। अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरि शंकरी की ओर से 2 अक्टूबर (गुरुवार) को रामलीला मैदान, लंका में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रावण वध एवं विजयदशमी का मंचन किया गया।श्रीराम-रावण युद्ध के दृश्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंचन के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर 40 फीट ऊँचे रावण के पुतले का दहन किया। रामलीला के कलाकारों ने युद्ध का मंचन करते हुए दिखाया कि विभीषण के संकेत पर प्रभु श्रीराम ने अग्निबाण का प्रयोग कर रावण का वध किया। रावण के धराशायी होते ही पूरा मैदान “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं और कहा— “जिलाधिकारी के रूप में यहां पहली बार शामिल होकर अत्यंत आध्यात्मिक अनुभव हुआ। गाजीपुर की जनता की भगवान श्रीराम के प्रति आस्था अद्भुत है। रामलीला कमेटी को सफल आयोजन हेतु बधाई।” पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मैदान में उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मैदान को कई सेक्टरों में बांटा गया था और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष गोपाल जी पांडे, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी (बच्चा), संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, उप प्रबंधक मयंक तिवारी, सहित कई पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने दशहरा पर्व के शांतिपूर्ण व सफल आयोजन पर गाजीपुर की जनता व प्रशासन को धन्यवाद दिया।