गाजीपुर| युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग गाजीपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में चयनित युवक एवं महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन गाजीपुर के ऑडिटोरियम हाल में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा० सांसद राज्यसभा श्रीमती सगीता बलवन्त तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मा० अध्यक्ष नगर पालिका श्रीमती सरिता अग्रवाल उपस्थित रहीं। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 168 महिला मंगल दलों को खेल सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर मा० सांसद श्रीमती सगीता बलवन्त ने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें और जनपद, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भागीदारी से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने में योगदान मिलेगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश सरकार के यशस्वी मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में आज वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत चयनित 168 महिला मंगल दलों एवं 141 युवक मंगल दलों को खेल प्रोत्साहन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के आयोजक दिलीप कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी गाजीपुर ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस अवसर पर अरविन्द यादव (खेल अधिकारी), राजन प्रजापति, संतोष कुमार सिंह (क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी), रविशंकर प्रसाद, किशनचन्द्र, अखिलेश यादव, चन्द्रकान्त यादव, सिन्धुजा यादव, आंचल सिंह एवं कनिष्ठ सहायक अमरनाथ कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।