गाजीपुर| उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज-05” अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल ने पैदल गश्त कर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से संबंधित संदेश दिया। साथ ही, मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देकर आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों पर महिला जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद एवं बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सजग बनने हेतु प्रेरित किया गया।
एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाकर शोहदों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चेकिंग अभियान के तहत हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, गलत नंबर प्लेट, जाति या धर्म आधारित प्रतीक चिन्ह एवं स्टंट करने वालों पर कार्यवाही की गई। थाना कासिमाबाद क्षेत्र के ग्राम उपधि में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई —
1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड केयर), 181 (घरेलू हिंसा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), तथा 102/108 (एम्बुलेंस सेवा) — साथ ही शिकायत पेटिका के उपयोग एवं महत्व के बारे में भी बताया गया। यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में जनपद पुलिस का सशक्त प्रयास है।