जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मिशन शक्ति फेस-5.0 जागरूकता अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग द्वारा शुक्रवार को आदर्श शंकर इंटर कॉलेज, हेतिमपुर में “व्यक्तिगत स्वच्छता” थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर मैनेजर प्रियंका प्रजापति ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता एवं महावारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उचित स्वच्छता अपनाने से न केवल बालिकाएं बल्कि उनके परिवार के सदस्य भी रोगमुक्त और स्वस्थ रह सकते हैं।
वन स्टॉप सेंटर केस वर्कर सरिता राय ने हब फॉर वूमेन एम्पावरमेंट, दत्तक ग्रहण इकाई तथा हेल्पलाइन नंबर 181, 1090, 1076, 1098 की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वहीं कार्यालय सहायक सुनीता सिंह ने कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना एवं अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम यादव, ओम प्रकाश यादव, वशिष्ठ सिंह यादव सहित सभी अध्यापकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।