गाजीपुर| महिला सशक्तिकरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार संचालित “मिशन शक्ति फेज-5.0” के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में आज विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।जिलास्तरीय अभियान के तहत पुलिस विभाग एवं महिला कल्याण विभाग की संयुक्त पहल से जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान को सार्थक बनाने हेतु कई जागरूकता गतिविधियाँ संपन्न हुईं।
पैदल गश्त व जागरूकता अभियान:
गाजीपुर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।
महिला जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद:
मिशन शक्ति केन्द्रों पर विभिन्न वर्गों की महिला जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद एवं बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
एंटी रोमियो टीम की कार्यवाही:
पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाकर शोहदों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की।
वाहन चेकिंग अभियान:
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, तथा नंबर प्लेट पर जाति या धर्म सूचक शब्द/प्रतीक चिन्ह अंकित करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। साथ ही स्टंट करने वालों पर भी कठोर कार्रवाई की गई। “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता की भावना को और अधिक मजबूत बनाना है।