गाजीपुर|महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता के उद्देश्य से जनपदीय पुलिस द्वारा रोटरैक्ट क्लब गाजीपुर के सहयोग से शुक्रवार को “रन फॉर वूमेन एम्पावरमेंट” मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक गाजीपुर महोदय ने राइफल क्लब गाजीपुर से हरी झंडी दिखाकर की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण सहित अन्य पुलिस अधिकारी स्वयं दौड़ में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने “महिलाओं का सम्मान, राष्ट्र का अभिमान”, “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” तथा “मिशन शक्ति से सशक्त नारी” जैसे नारों के साथ जोश और उत्साह से दौड़ लगाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।दौड़ राइफल क्लब गाजीपुर से प्रारंभ होकर रिजर्व पुलिस लाइन्स में संपन्न हुई। इसमें पुलिस विभाग की महिला कर्मियों, छात्राओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक गाजीपुर महोदय ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि —
“महिला सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास की कुंजी है। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और आर्थिक स्वावलंबन के लिए सशक्त किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण का लक्ष्य साकार होगा।”मैराथन में भाग लेने वाली सभी महिला पुलिस कर्मियों, छात्राओं और प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में रोटरैक्ट क्लब गाजीपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रशिक्षु उपाधीक्षक श्री अनुभव राजर्षि, जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्रभारी वन स्टॉप सेंटर, शासकीय अधिवक्ता श्री कृपाशंकर राय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं रोटरैक्ट क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।