जमानिया। क्षेत्र में 16 अक्टूबर को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह शटडाउन 33 केवी बस-1 लाइन के रखरखाव कार्य के लिए लिया जा रहा है। कार्यकारी अभियंता (ट्रांसमिशन) गाजीपुर राहुल शर्मा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर 2025 को सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
इस दौरान 33 केवी बस-1 (40 एमवीए ट्रांसफार्मर संबंधित बस) बंद रहेगी, जिसके कारण 33 केवी बिरासराय पंप कैनाल, 33 केवी चक्काबांध पंप कैनाल, 33 केवी दिलदारनगर तथा 10 एमवीए-I फीडर की विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी। अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि यह शटडाउन मुख्य बसों के पीजी क्लैंप कसने और अन्य रखरखाव कार्यों के लिए आवश्यक है। कार्य पूर्ण होने के बाद बिजली आपूर्ति को तत्काल बहाल कर दिया जाएगा।
अभियंता मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि सभी कार्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किए जाएंगे और प्रयास रहेगा कि निर्धारित समय से पहले ही कार्य पूरा हो जाए, जिससे उपभोक्ताओं को न्यूनतम असुविधा हो। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि में आवश्यक तैयारियां कर लें और विद्युत उपकरणों का उपयोग सावधानीपूर्वक करें।