जमानियां| क्षेत्र के जीवपुर गांव में स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिससे छात्रों को आने-जाने और खेलकूद गतिविधियों में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को पत्रक सौंपकर इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की। पत्रक में बताया गया कि कॉलेज के पास सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश या पाइपलाइन रिसाव का पानी मैदान में भर जाता है। पहले यह पानी पास की पुलिया के माध्यम से बाहर निकल जाता था, लेकिन अब पुलिया के रास्ते को पास के मकानों और मिट्टी से बंद कर दिया गया है, जिससे मैदान में स्थायी रूप से पानी जमा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण छात्रों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती है और खेलकूद गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि कई बार मौखिक शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पत्रक पर ग्रामीण बबलू यादव, मनीष यादव, अखिलेश यादव, अमित यादव, विकास यादव, शुभम यादव, रवींद्र यादव, शमशाद खान, सत्यम यादव सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि बीडीओ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर समस्या का समाधान कराया जाएगा, ताकि छात्रों और ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।