जमानियां। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई की दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई का नेतृत्व उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय, एसीपी पंकज कन्नौजिया, गुलाब चंद्र गुप्ता एवं वीरेंद्र यादव की टीम मौजूद रही। टीम ने भैदपुर स्थित मोछू मिष्ठान भंडार पर छापा मारकर छेना मिठाई का नमूना लिया तथा 10 किलो बूंदी लड्डू और 20 किलो छेना मिठाई को खराब गुणवत्ता पाए जाने पर मौके पर नष्ट कराया।
इसके बाद जय मिष्ठान भंडार की जांच में खोया का नमूना लिया गया। साथ ही 10 किलो बूंदी लड्डू, 25 किलो छेना मिठाई, 50 किलो चीनी सिरा एवं स्पायर खाद्य रंग को निम्न गुणवत्ता मिलने पर विनष्ट कराया गया। इसी क्रम में ढढनी स्थित ओम प्रकाश के पनीर निर्माण स्थल पर छापा मारकर पनीर का नमूना लिया गया। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों से अपील की कि वे स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।