जमानियां। रुपया मांगने गई एक महिला और उसके पुत्र के साथ मारपीट कर उन्हें घायल करने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
लोदीपुर जमानियां कस्बा निवासी सुनीता गुप्ता ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उन्होंने प्रदीप कुशवाहा, निवासी लोदीपुर चांदपुर नई बस्ती, को अपनी दुकान खोलने के लिए ₹50 हजार उधार दिए थे। सुनीता गुप्ता के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 10 बजे, जब वह अपने पुत्र राजू गुप्ता के साथ रुपये मांगने गईं, तो प्रदीप कुशवाहा ने दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। पीड़िता के पुत्र के गाल पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।