गाज़ीपुर। आगामी दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में एस.एस. देव पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रंगोली एवं दीया मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, परंपरा और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम एवं सम्मान को प्रोत्साहित करना था। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की रंग-बिरंगी रंगोलियों और सजे हुए दीयों से मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दीपावली की पावन भावना को साकार किया। सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने उत्कृष्ट कौशल से विद्यालय परिसर को आलोकित कर दिया।
रंगोली के आकर्षक डिज़ाइनों में “माँ लक्ष्मी,” “शुभ दीपावली,” “भारत की संस्कृति,” और “स्वच्छ भारत” जैसे विषय विशेष आकर्षण का केंद्र बने। बच्चों के चेहरों पर उमंग, उत्साह और खुशी देखते ही बनती थी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक श्री सुभाष चन्द्र कुशवाहा एवं प्राचार्या श्रीमती सुनीता कुशवाहा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में न केवल प्रतिस्पर्धा की भावना को जागृत करती हैं, बल्कि भारतीय परंपरा और कला के प्रति सम्मान भी बढ़ाती हैं। अंत में प्राचार्या ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “दीपों की यह पावन ज्योति हर हृदय में ज्ञान, प्रेम और सद्भावना का प्रकाश फैलाए।” कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।