जमानियां (गाजीपुर)। जयपुर में 10 से 12 अक्टूबर 2025 तक आयोजित भारत नेशनल ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में जमानियां स्थित एस.एस. देव पब्लिक स्कूल के दो छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया।
विद्यालय के छात्र प्रिंस भारती (पुत्र श्री सुनील भारती एवं श्रीमती ममता देवी) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया, वहीं छात्र हरिओम यादव (पुत्र श्री राजनिकांत यादव) ने दमदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर कांस्य पदक (Bronze Medal) जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इन छात्रों की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रबंधक श्री सुभाष चंद्र कुशवाहा एवं प्राचार्या श्रीमती सुनीता कुशवाहा ने दोनों विजेता छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारे विद्यार्थियों की यह सफलता विद्यालय के अनुशासन, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है। ऐसे प्रतिभाशाली छात्र आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं। विद्यालय के सहसंयोजक डॉ. देवेंद्र वर्मा एवं सहसंयोजिका शगुफ्ता रहमान ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। इस अवसर पर शिक्षक पवन कुमार तिवारी, सिद्धार्थ शंकर यादव, शशि बाला देवी, गुलशन बानो, रूपा गुप्ता, छोटेलाल, धर्मेंद्र यादव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।