गाजीपुर| दीपावली से पूर्व वृद्धजनों के बीच खुशियां बांटने का एक हृदयस्पर्शी आयोजन गुरुवार को वृद्धा आश्रम लंगड़पुर छावनी लाइन, गाजीपुर में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला अपराध निरोधक समिति गाजीपुर एवं एसपीएस स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आश्रम में निवास कर रहे 65 वृद्धजनों को फल, मिष्ठान, कपड़े और देशी घी वितरित किए गए तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। समिति की इस पहल का उद्देश्य वृद्धजनों के जीवन में त्योहार से पूर्व एक छोटी-सी खुशी और अपनापन लाना था।
आश्रम की संचालिका ज्योत्सना सिंह ने समिति एवं विद्यालय के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल वृद्धजनों के लिए एक भावनात्मक संबल है। उन्होंने सभी आगंतुकों व सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि अपराध निरोधक समिति समय-समय पर बंदी सुधार, साइबर जागरूकता, यातायात सुरक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम संचालित करती है। इसी क्रम में दीपावली से पूर्व यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सुजीत कुमार सिंह, डॉ. अनिल चौहान, मुकेश उपाध्याय, कन्हैया चौहान, फूलचंद चौहान, मुन्ना चौहान, वीरेंद्र चौहान, सिंहासन यादव, कैलाश यादव, सुनील सिंह और प्रभाकर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वृद्धाश्रम की संचालिका ज्योत्सना सिंह ने समिति और एसपीएस स्कूल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाते हैं।