जमानिया। सनशाइन पब्लिक स्कूल, जमानिया में शुक्रवार को वीनस हाउस, मार्स हाउस, मरकरी हाउस और ज्यूपिटर हाउस के बीच इंटर-हाउस दिवाली कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता तीन वर्गों — सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर — में संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक और रंग-बिरंगे कार्ड बनाए।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष सर्वानंद सिंह, अध्यक्ष चन्द्र शेखर सिंह, प्रबंधक अमित कुमार सिंह, प्राचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह और प्राइमरी विंग की एच.ओ.डी. पूजा सिंह शामिल थीं। प्रतियोगिता के परिणाम में सब-जूनियर वर्ग में ज्यूपिटर हाउस की अनुष्का ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वीनस हाउस की दिव्या केशरी द्वितीय और मार्स हाउस की इशी यादव तृतीय रहीं। कनिष्ठ वर्ग में मरकरी हाउस की रागिनी यादव प्रथम, श्रेया गुप्ता द्वितीय और वीनस हाउस के अनुराग सिंह तृतीय स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग में मार्स हाउस की गुनगुन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वीनस हाउस की कुमकुम यादव द्वितीय रही, जबकि वीनस हाउस की सोनम सिंह और मरकरी हाउस की आस्था केशरी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। प्राचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगामी दीपावली की शुभकामनाएँ भी दीं।