गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-05” अभियान के तहत रविवार, दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को जनपद गाजीपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत पुलिस प्रशासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।
1. पैदल गश्त और जागरूकता अभियान:
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त कर लोगों को मिशन शक्ति अभियान के प्रति जागरूक किया गया।
2. रेलवे स्टेशन पर जागरूकता कार्यक्रम:
मिशन शक्ति केन्द्रों द्वारा GRP और RPF के सहयोग से रेलवे स्टेशन पर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जागरूकता प्रदान की गई।
3. एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई:
अभियान के तहत पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों ने जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण एवं चेकिंग की और शोहदों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
4. वाहन चेकिंग अभियान:
पुलिस टीमों द्वारा वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया, जिसमें हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, तथा नंबर प्लेट पर जाति, धर्म या शासकीय प्रतीक चिन्ह अंकित करने वालों पर कार्रवाई की गई। साथ ही स्टंट करने वाले चालकों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए। इस अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान की भावना को मजबूत करना और जनता में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बनाए रखना है।

