गाजीपुर| पवित्र छठ पर्व के अवसर पर सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के पावन अवसर पर जनपद गाजीपुर में जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने व्यापक निरीक्षण किया। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार, एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र प्रसाद, उपजिलाधिकारी सदर रवीश गुप्ता, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी सदर गाजीपुर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सिकन्दरपुर घाट से चीतनाथ घाट, गोलाघाट, कलेक्टरघाट होते हुए अब्दुल हमीद सेतु मार्ग से गाजीपुर घाट तक नाव द्वारा निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने छठ व्रती महिलाओं की आस्था का सम्मान करते हुए सूर्यास्त से लेकर सूर्य उदय तक घाटों का भ्रमणशील रहकर पर्व को शांति एवं सकुशलता से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाई। प्रशासन की मुस्तैदी और स्थानीय सहयोग के कारण जनपद में छठ पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धाभाव से संपन्न हुआ।