गाजीपुर|मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से विभिन्न थानों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का आयोजन थाना शादियाबाद के ग्राम मर्दानपुर, थाना नोनहरा, थाना बिरनो, थाना बहरियाबाद, थाना मुहम्मदाबाद, थाना जंगीपुर, थाना मरदह तथा थाना भॉवरकोल के ग्राम यूनियन बैंक कनुआन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीण महिलाओं, सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों, प्राइवेट स्कूलों, अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से लोगों को अवगत कराया गया।
विद्यालयों में बालिकाओं और बच्चों को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें शामिल हैं —
112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा)। इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति केंद्र थाना शादियाबाद और बिरनो में महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं। उन्हें प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई, जैसे — 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102/108 (एंबुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन)। साथ ही महिलाओं को सरकारी योजनाओं और उनके लाभों के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। यह अभियान महिलाओं को जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।