जमानिया, गाजीपुर| कोतवाली क्षेत्र के बडेसर गांव के पास सोमवार की रात करीब 9:30 बजे एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सड़क किनारे जा रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
तहरीर के अनुसार, बडेसर गांव निवासी सुरेन्द्र शर्मा (19) रात में खाना खाने के बाद दुआर पर सोने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रास्ते में सुरेन्द्र की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार काशी (19) निवासी बघरी और प्रदीप (20) निवासी नूरपुर का इलाज गाजीपुर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतक सुरेन्द्र फर्नीचर का कार्य करते थे और उनके दो पुत्र हैं। घटना के समय उनकी पत्नी विजय लक्ष्मी छठ पूजा में शामिल होने के लिए बघरी गांव गई हुई थीं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और मृतक की पत्नी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।