जमानिया, गाजीपुर | कोतवाली क्षेत्र के देवैथा गांव में सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए एक गर्भवती महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में महिला के गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
तहरीर के अनुसार, ग्राम देवैथा निवासी विजय यादव की बहू झुनिया देवी सुबह करीब 9 बजे घर के पास बंधी भैंस को देखने गई थीं। उसी दौरान गांव के ही लालू और ओमप्रकाश यादव मोटरसाइकिल से तेज गति में आ रहे थे। अचानक नियंत्रण खोने से मोटरसाइकिल ने झुनिया देवी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से झुनिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, और उनके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर लालू और ओमप्रकाश यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।