गाजीपुर| जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में जनपद गाजीपुर के जमानिया ब्लॉक अंतर्गत विद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बोर्ड परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में होने वाले मानसिक तनाव को कम करना तथा उन्हें सकारात्मक मानसिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को परीक्षा भय, एकाग्रता की कमी, तनाव प्रबंधन तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के सरल एवं प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि परीक्षा जीवन का केवल एक चरण है और असफलता से घबराने की आवश्यकता नहीं है। समय पर परामर्श एवं सही मार्गदर्शन से मानसिक तनाव को नियंत्रित किया जा सकता है। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य, मानसिक विकारों की प्रारंभिक पहचान तथा भावनात्मक संतुलन के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए Tele-MANAS टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 (24×7) के बारे में जानकारी दी गई, जहाँ निःशुल्क काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध है।